आम बजट 2026-27 में दिल्ली के लिए परिवहन, जल, स्वास्थ्य, प्रदूषण और कानून-व्यवस्था पर रिकॉर्ड निवेश का प्रावधान किया गया है। भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने बजट को दिल्ली के विकास का रोडमैप बताया।
दक्षिण दिल्ली से भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा है कि आम बजट 2026-27 पूरी तरह से दिल्ली की मूलभूत समस्याओं के समाधान पर केंद्रित है। सोमवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि इस बजट से दिल्लीवासियों का जीवन स्तर सुधरेगा और रोजगार व विकास के नए अवसर पैदा होंगे। सम्मेलन का आयोजन दिल्ली भाजपा मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने किया, जिसमें कार्यालय मंत्री बृजेश राय भी मौजूद रहे।
बिधूड़ी ने बताया कि बजट में सबसे बड़ा फोकस परिवहन क्षेत्र पर है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को 6 लाख करोड़ रुपये का बजट दिया गया है, जिसमें से 27,328 करोड़ रुपये केवल दिल्ली के लिए निर्धारित हैं। शिवमूर्ति-महिपालपुर टनल (₹3500 करोड़), एम्स-महिपालपुर एलिवेटेड रोड (₹5000 करोड़), पंजाबी बाग-टीकरी बॉर्डर रोड, आश्रम-बदरपुर और महरौली-हरियाणा बॉर्डर सड़क परियोजनाएं इसमें शामिल हैं। यूईआर से जुड़ी सड़कों पर 15,000 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

रेलवे बजट में दिल्ली के लिए 2,711 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो 2014 से पहले की तुलना में 28 गुना अधिक है। वर्तमान में 8,976 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाएं चल रही हैं, जिनमें 13 स्टेशनों का कायाकल्प शामिल है। दिल्ली से 14 वंदे भारत और 8 अमृत भारत ट्रेनें संचालित हो रही हैं।
बजट में दिल्ली-वाराणसी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, आरआरटीएस के लिए 2,200 करोड़ रुपये और मेट्रो विस्तार के लिए 28,695 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। प्रदूषण नियंत्रण के लिए 1,091 करोड़ रुपये, स्वास्थ्य सेवाओं के लिए केंद्र सरकार के अस्पतालों को 10,122 करोड़ रुपये और दिल्ली पुलिस के आधुनिकीकरण के लिए 12,846 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि यह बजट दिल्ली को आधुनिक, सुरक्षित और विकसित राजधानी बनाने की दिशा में निर्णायक कदम है।
COMMENTS