गौतम बुद्ध नगर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष अभियान चलाकर अचार, सॉस, विनेगर, चटनी और ब्लैक बीन्स सॉस के 5 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे।
ग्रेटर नोएडा। जनपदवासियों को शुद्ध एवं गुणवत्ता युक्त खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर के निर्देश पर विभागीय अधिकारियों की टीम प्रोसेस्ड फ्रूट एवं वेजिटेबल उत्पादों की निर्माण इकाइयों और विक्रेताओं पर लगातार छापेमारी कर रही है।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्रित कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे जा रहे हैं, ताकि उपभोक्ताओं को मानकों के अनुरूप सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार गुप्ता ने दादर स्थित बृज फूड साइंस प्राइवेट लिमिटेड से मिक्स अचार और रेड चिली सॉस के एक-एक नमूने संग्रहित किए। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी सैयद इबादुल्लाह एवं रितु सक्सेना की टीम ने पथवारी बिसरख स्थित गुप्ता स्टोर से विनेगर और चटनी के एक-एक नमूने लिए।

इसके अतिरिक्त खाद्य सुरक्षा अधिकारी मालती ने इकोटेक-6 स्थित तत्वाहिल्स प्राइवेट लिमिटेड से ब्लैक बीन्स सॉस का एक नमूना संग्रहित किया। इस प्रकार कुल पांच खाद्य नमूनों को जांच के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
सहायक आयुक्त सर्वेश मिश्रा ने कहा कि खाद्य सुरक्षा विभाग का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी खाद्य पदार्थ में गुणवत्ता संबंधी अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि विभाग का मुख्य उद्देश्य जनपदवासियों को सुरक्षित, शुद्ध एवं मानक अनुरूप खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है। इसके लिए समय-समय पर विभिन्न खाद्य उत्पादों की सघन जांच और नमूना संग्रहण की कार्रवाई जारी रहेगी।
COMMENTS