जेवर एयरपोर्ट उद्घाटन को ऐतिहासिक बनाने के लिए गौतमबुद्धनगर में भाजपा की व्यापक तैयारियां शुरू। विभिन्न मंडलों में बैठकों के जरिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
गौतमबुद्धनगर में आगामी 28 मार्च को होने वाले जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक और संगठनात्मक हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने इस बड़े आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए जमीनी स्तर पर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में जनपद के विभिन्न मंडलों में महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
इन बैठकों का आयोजन सूरजपुर मंडल, दादरी नगर मंडल, दादरी देहात, जारचा, बिसरख, ग्रेटर नोएडा, जेवर, रबूपुरा, दनकौर, बादलपुर और कासना मंडल में किया गया। हर मंडल में कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम की जिम्मेदारियों, व्यवस्थाओं और जनभागीदारी को लेकर विस्तार से दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने जेवर मंडल, कासना मंडल, रबूपुरा और दनकौर मंडल की बैठकों को संबोधित करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम सिर्फ एक उद्घाटन नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास और नई संभावनाओं का प्रतीक है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे पूरे समर्पण और अनुशासन के साथ इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने में जुट जाएं।
उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य है कि यह कार्यक्रम जनभागीदारी और संगठन की ताकत का बेहतरीन उदाहरण बने। इसके लिए हर कार्यकर्ता को अपने-अपने क्षेत्र में लोगों को आमंत्रित करने और कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अभिषेक शर्मा ने यह भी बताया कि कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जल्द ही योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री द्वारा की जाने वाली समीक्षा बैठक को लेकर प्रशासन और संगठन दोनों ही स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
इस मौके पर उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि यह आयोजन न केवल जेवर बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए एक नई दिशा तय करेगा।
बैठकों में संगठन के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

इनमें पूर्व जिलाध्यक्ष विजय भाटी, नरेंद्र डाढा, जिला महामंत्री वीरेंद्र भाटी, ठाकुर धर्मेंद्र भाटी, धर्मेंद्र कोरी, जिला उपाध्यक्ष दीपक भारद्वाज, पवन रावल, अरुण शर्मा, पवन नागर, सतेंद्र नागर, विकास चौधरी, सरदीप नागर, कर्मवीर आर्य, चंद्रमणि भारद्वाज, योगेश चौहान, गीता सागर, रजनी तोमर, गायत्री तिवारी, मुकेश भाटी, अर्पित तिवारी, मनोज प्रधान, दिनेश भाटी, सुनील रावत, राजीव सिंघल, भिखारी सिंह, धीर राणा, लोकेश त्यागी, महेंद्र नागर, गजेंद्र वाल्मीकि, संजीव शर्मा, सचिन गौतम और अश्वनी गोयल समेत कई अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
हर मंडल की बैठक में कार्यकर्ताओं की भारी उपस्थिति देखने को मिली, जिससे साफ संकेत मिलता है कि पार्टी इस कार्यक्रम को लेकर पूरी तरह गंभीर है और कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती।
जेवर एयरपोर्ट, जिसे देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट प्रोजेक्ट्स में से एक माना जा रहा है, के उद्घाटन को लेकर न केवल राजनीतिक बल्कि आम जनता में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है। ऐसे में भाजपा की यह तैयारी आने वाले दिनों में एक बड़े जनसमूह को जोड़ने की रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है।
COMMENTS