दिल्ली पुलिस और यूपी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में फायरिंग कर भागे दो शातिर अपराधी गिरफ्तार, लूटी गई सर्विस पिस्टल और कारतूस बरामद
दिल्ली के सफदरजंग एनक्लेव इलाके में पुलिसकर्मी से सरकारी पिस्टल लूटकर फायरिंग कर फरार हुए दो शातिर अपराधियों को दिल्ली पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई तेज़ तकनीकी निगरानी, 500 से अधिक CCTV फुटेज के विश्लेषण और अंतर-राज्यीय तालमेल का नतीजा रही।
घटना 22 जनवरी 2026 की है, जब सफदरजंग एनक्लेव थाने के बीट ऑफिसर हेड कांस्टेबल राजकुमार गश्त पर थे। पार्क के जंगल क्षेत्र में दो संदिग्धों की सूचना पर जब उन्होंने पूछताछ की, तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। एक आरोपी ने पुलिसकर्मी को काबू में लिया, जबकि दूसरे ने उनकी सर्विस पिस्टल छीनकर फायरिंग कर दी। सौभाग्य से पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त डीसीपी श्री अभिमन्यु पोस्वाल और सुश्री ऐश्वर्या सिंह के पर्यवेक्षण तथा एसीपी मेल्विन वर्गीज के नेतृत्व में कई टीमें गठित की गईं। जांच में मुख्य आरोपी की पहचान अविनाश @ जानू के रूप में हुई, जो दिल्ली का कुख्यात स्नैचर है।

तकनीकी सर्विलांस से उसके फिरोजाबाद (यूपी) पहुंचने की जानकारी मिली। 23 जनवरी को टुंडला क्षेत्र में घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर दोबारा फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हुआ और मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ में एसीपी मेल्विन वर्गीज और इंस्पेक्टर राम कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली का असर पड़ा।
आरोपी के पास से लूटी गई 9 एमएम सरकारी पिस्टल, तीन खोखे, स्कूटर और मोबाइल फोन बरामद हुए। उसकी निशानदेही पर उसी रात सह-आरोपी वसीम को भी दिल्ली के स्वामी नगर से गिरफ्तार कर लिया गया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ दिल्ली और उत्तर प्रदेश में गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई अंतर-राज्यीय अपराध पर बड़ी सफलता मानी जा रही है।
COMMENTS