यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने 4 फरवरी 2026 को हेरिटेज सिटी और राया अर्बन सेंटर क्षेत्र में अवैध होटल, ढाबों और कॉलोनियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1000 करोड़ रुपये मूल्य की भूमि को मुक्त कराया।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) द्वारा अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 4 फरवरी 2026 को प्राधिकरण ने एक बड़ी ध्वस्तीकरण कार्रवाई करते हुए हेरिटेज सिटी और राया अर्बन सेंटर जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स की लगभग 25 हेक्टेयर भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया।

यह भूमि ग्राम पिपरौली खादर, अरूवा खादर एवं पानी गांव खादर क्षेत्र में स्थित थी, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1000 करोड़ रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान मथुरा के हेरिटेज सिटी क्षेत्र में निर्माणाधीन अवैध होटल और ढाबों को ध्वस्त किया गया। इसके साथ ही यमुना नदी के किनारे लगभग दो हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर भी बुलडोज़र चलाया गया।

पुलिस और प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, हेरिटेज सिटी के कोर एरिया में ग्राम अरवा खादर और ग्राम पिपरौली खादर में दो बड़ी अवैध कॉलोनियां विकसित की जा रही थीं, जिनके खिलाफ व्यापक ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। उल्लेखनीय है कि हेरिटेज सिटी माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ड्रीम प्रोजेक्ट है, जहां किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण को लेकर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है।
यह कार्रवाई यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण के विशेष कार्य अधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में, डिप्टी कलेक्टर श्री शिव अवतार सिंह, श्री अभिषेक शाही एवं श्री कृष्ण गोपाल त्रिपाठी की मौजूदगी में संपन्न हुई। वहीं जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम मांट श्रीमती रितु सिरोही एवं क्षेत्राधिकारी श्री पी. सिंह के नेतृत्व में 11 थानों की पुलिस फोर्स, भारी पुलिस बल और पीएसी की तैनाती रही। यह अभियान शाम 6 बजे तक शांतिपूर्ण ढंग से चला। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध ऐसी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
COMMENTS