सूरजपुर स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर भारत के पूर्व राष्ट्रपति और 'मिसाइल मैन' के नाम से प्रसिद्ध डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
समाजवादी पार्टी ने सूरजपुर जिला कार्यालय पर मनाई 'मिसाइल मैन' डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती, पुष्पांजलि और विचार गोष्ठी का आयोजन
सूरजपुर स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर भारत के पूर्व राष्ट्रपति और 'मिसाइल मैन' के नाम से प्रसिद्ध डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने डॉक्टर कलाम की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और एक विचार गोष्ठी का आयोजन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। समारोह की अध्यक्षता करते हुए समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने डॉक्टर कलाम के योगदानों को याद किया। उन्होंने कहा कि डॉक्टर कलाम ने भारत के नागरिक अंतरिक्ष कार्यक्रम और सैन्य मिसाइल विकास में अपने चार दशकों से अधिक के सेवाकाल के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्हें विशेष रूप से बैलिस्टिक मिसाइल और प्रक्षेपण यान प्रौद्योगिकी के विकास में उनके योगदान के लिए जाना जाता है। उनके नेतृत्व में भारत ने परमाणु शक्ति के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
समाजवादी अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय सचिव रामशरण नागर एडवोकेट ने अपने संबोधन में कहा कि डॉक्टर अब्दुल कलाम केवल एक वैज्ञानिक ही नहीं, बल्कि एक प्रेरक व्यक्तित्व थे, जिन्होंने देश को न केवल वैज्ञानिक उपलब्धियों की ओर अग्रसर किया, बल्कि अपने लेखन और विचारों से युवाओं को प्रेरित किया। उन्होंने डॉक्टर कलाम की कई प्रेरणास्पद पुस्तकों का उल्लेख किया और कहा कि उनकी जीवन यात्रा हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। इस कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें पूर्व जिलाध्यक्ष इन्दर प्रधान, कृष्णा चौहान, मेंहदी हसन, युनस प्रधान, अमित रौनी, कपिल ननका, सुदेश भाटी, शशिबाला यादव, अकबर खान, विकास जतन, अनूप तिवारी, और कई अन्य शामिल थे। सभी ने डॉक्टर कलाम के जीवन और उनके योगदानों को याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के अंत में जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया और डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम की विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
COMMENTS