दिल्ली में लाल किले और चांदनी चौक स्थित मंदिरों को निशाना बनाकर आतंकी हमला किए जाने की आशंका के बीच सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। खुफिया सूत्रों के अनुसार लश्कर-ए-तैयबा IED हमले की साजिश रच रहा है।
देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर आतंकी खतरे की आहट से सिहर उठी है। खुफिया एजेंसियों ने अलर्ट जारी किया है कि ऐतिहासिक लाल किला और चांदनी चौक स्थित मंदिरों को निशाना बनाकर बड़ा आतंकी हमला किया जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तान आधारित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा सक्रिय हो गया है और IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) हमले की साजिश रच रहा है।
खुफिया इनपुट के अनुसार, लाल किले के सामने धमाके की आशंका जताई गई है। इसके अलावा चांदनी चौक क्षेत्र के एक प्रमुख मंदिर को भी निशाना बनाया जा सकता है। सुरक्षा एजेंसियों ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
बदले की साजिश?
सूत्रों का दावा है कि 6 फरवरी को पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुए आत्मघाती विस्फोट का बदला लेने के इरादे से यह साजिश रची जा रही है। उस हमले में 31 लोगों की मौत हुई थी और 160 से अधिक लोग घायल हुए थे। हालांकि उस हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट ने ली थी, लेकिन आशंका है कि लश्कर भारत में बड़ी आतंकी वारदात कर प्रतिक्रिया देना चाहता है।
खुफिया एजेंसियों ने यह भी संकेत दिया है कि देश के बड़े मंदिर आतंकियों के निशाने पर हो सकते हैं। यह चेतावनी एक महीने पहले जारी उस अलर्ट के बाद सामने आई है, जिसमें कहा गया था कि खालिस्तानी आतंकी संगठन और बांग्लादेश स्थित आतंकी समूह गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) से पहले दिल्ली समेत कई शहरों को निशाना बना सकते हैं।

पहले भी दहल चुकी है राजधानी
गौरतलब है कि 10 नवंबर 2025 को लाल किले के पास हुए कार बम विस्फोट ने पूरी दिल्ली को हिला दिया था। लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास विस्फोटकों से भरी कार में धमाका हुआ था, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई थी और लगभग दो दर्जन लोग घायल हुए थे। धमाके के बाद कई वाहनों में आग लग गई थी और इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी।
डीएनए परीक्षण में खुलासा हुआ था कि फरीदाबाद स्थित अल-फलाह विश्वविद्यालय से जुड़ा डॉक्टर उमर मोहम्मद उर्फ उमर उन नबी उस कार को चला रहा था, जिसमें विस्फोट हुआ था।
हाई अलर्ट पर दिल्ली
ताजा इनपुट के बाद दिल्ली पुलिस, स्पेशल सेल और अन्य सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। भीड़भाड़ वाले बाजारों, धार्मिक स्थलों और ऐतिहासिक इमारतों पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। सीसीटीवी निगरानी बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
राजधानी में बढ़ती सुरक्षा के बीच आम नागरिकों से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।
COMMENTS