झांसी जिले के मऊरानीपुर क्षेत्र में महिला की हत्या से मचा हड़कंप। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया।
मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बरौरी में हुई महिला की हत्या का राज़ आखिरकार खुल गया है। इस सनसनीखेज मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
31 अगस्त की सुबह ग्राम बरौरी में ऊषा देवी का शव उनके घर के कमरे में पड़ा मिला था। गले पर चोट के निशान देख परिजन और ग्रामीणों में दहशत फैल गई थी। मृतका ऊषा देवी घर में अकेली रहती थीं, जबकि उनका पति और बच्चे गुजरात में मजदूरी करते हैं।

एसपी देहात डॉ. अरविन्द कुमार ने खुलासा किया कि जांच के दौरान गांव का ही रफीक खां इस मामले में मुख्य आरोपी के रूप में सामने आया। पुलिस ने उसे स्यावरी कोटरा नहर के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि ऊषा देवी उसकी पत्नी को उसके खिलाफ भड़काती थीं। इसके चलते पत्नी बच्ची के साथ मायके चली गई थी और मां को भी घर में बंटवारे के लिए उकसाया गया था। रंजिश से भरे आरोपी ने गला दबाकर ऊषा देवी की हत्या कर दी।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लाल रंग का कपड़ा और घटनास्थल से आरोपी का गिरा हुआ ताबीज बरामद किया है। आरोपी को जेल भेजने की कार्यवाही की जा रही है।
COMMENTS