गोरखपुर में आयोजित ‘प्रबुद्ध संवाद’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश ने गुंडागर्दी, दंगा-कर्फ्यू और अव्यवस्था का दौर देखा है। उन्होंने प्रबुद्ध समाज से युवाओं को 9-10 साल पुराने हालात और वर्तमान बदलाव के बारे में जागरूक करने की अपील की। सीएम ने विकास, सुरक्षा, रोजगार, इंसेफेलाइटिस नियंत्रण, गोरखपुर के विकास और पीएम मोदी के नेतृत्व में बदलते भारत का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाज के प्रबुद्ध वर्ग से आह्वान किया है कि वे वर्तमान पीढ़ी को उत्तर प्रदेश के पुराने हालात और आज हुए बदलाव के बारे में जागरूक करें। उन्होंने कहा कि नौजवानों को यह जानना जरूरी है कि 9-10 साल पहले प्रदेश में कैसी परिस्थितियां थीं और आज किस तरह परिवर्तन आया है।
राप्तीनगर में आयोजित ‘प्रबुद्ध संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि युवाओं को अतीत की सच्चाई नहीं बताई जाएगी तो वे तुष्टिकरण और अव्यवस्था की राजनीति के दुष्परिणाम नहीं समझ पाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश ने गुंडागर्दी, अराजकता, दंगे, कर्फ्यू और क्षेत्रीय दलों के शोषण का दौर झेला है। अब युवाओं को आगाह करना जरूरी है ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा पैदा न हो।

“क्षणिक स्वार्थ के लिए भविष्य से खिलवाड़ देशद्रोह”
सीएम योगी ने कहा कि क्षणिक राजनीतिक स्वार्थ के लिए नागरिकों के भविष्य से खिलवाड़ करना देशद्रोह के समान है और किसी भी संगठन या संस्था को इसकी छूट नहीं दी जा सकती। उन्होंने प्रबुद्ध समाज से जागरूकता अभियान की जिम्मेदारी उठाने का आह्वान किया।
2017 से पहले यूपी की पहचान थी दंगा, कर्फ्यू और भ्रष्टाचार
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान दंगा-कर्फ्यू, भ्रष्टाचार, अराजकता और अव्यवस्था से होती थी। उन्होंने कहा कि उस समय माता-पिता बच्चों को इंसेफेलाइटिस से बचाने को लेकर चिंतित रहते थे। युवाओं को रोजगार नहीं मिलता था और प्रदेश से बाहर जाने पर पहचान का संकट खड़ा हो जाता था।
उन्होंने कहा कि बिजली, सड़क और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाएं भी पर्याप्त नहीं थीं। किसान परेशान थे, व्यापारी गुंडा टैक्स देने को मजबूर थे, चिकित्सक भय के माहौल में काम करते थे और बेटियां सुरक्षित नहीं थीं।

“आज यूपी में विकास, सुरक्षा और रोजगार की गारंटी”
सीएम योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश विकास, सुरक्षा और रोजगार की गारंटी वाला राज्य बन चुका है। उन्होंने दावा किया कि बेटियां और व्यापारी सुरक्षित हैं तथा इंसेफेलाइटिस पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है।
उन्होंने कहा कि गोरखपुर का बंद पड़ा खाद कारखाना फिर से संचालित हो रहा है, एम्स शुरू हो चुका है और बीआरडी मेडिकल कॉलेज अब बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं दे रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले नौ वर्षों में अकेले गोरखपुर में 15 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाएं आई हैं और इतने ही निवेश की नई परियोजनाएं आने वाली हैं। इनसे पूर्वी उत्तर प्रदेश के लगभग 50 हजार युवाओं को रोजगार मिला है।
पीएम मोदी के नेतृत्व में बदलता भारत दुनिया के लिए प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज भारत पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा बना है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान भारत ने दुनिया का सबसे बेहतर प्रबंधन प्रस्तुत किया।
सीएम योगी ने दावा किया कि अमेरिका जैसे विकसित देश में भारत की तुलना में चार गुना अधिक मौतें हुईं, जबकि वहां की आबादी भारत से काफी कम है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद भारत ने बेहतर प्रबंधन इसलिए किया क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी ने खुद फ्रंटफुट पर नेतृत्व किया।

ईंधन संकट और वैश्विक हालात पर भी बोले सीएम
मुख्यमंत्री ने पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव का जिक्र करते हुए कहा कि वैश्विक स्तर पर ईंधन आपूर्ति प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि अमेरिका समेत कई देशों में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतें कई गुना बढ़ चुकी हैं।
उन्होंने जनता से प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान का पालन करने की अपील करते हुए ईंधन संरक्षण, सोलर एनर्जी के इस्तेमाल, इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने और कार पूलिंग जैसे उपायों पर जोर दिया।
“पश्चिम बंगाल में कमल खिलने पर पूरा देश खुश”
सीएम योगी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में कमल खिलने पर पूरा भारत खुशी से झूम उठा है। उन्होंने कहा कि वहां अब सुरक्षा और विकास का नया वातावरण बन रहा है।
उन्होंने कहा कि भले ही लोग अलग-अलग राज्यों और भाषाओं से जुड़े हों, लेकिन सभी का भाव ‘देश प्रथम’ होना चाहिए।
भारत ने हमेशा प्रबुद्ध समाज को सम्मान दिया
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की परंपरा ज्ञान और ऋषि परंपरा से जुड़ी रही है। हर भारतीय अपने गोत्र को किसी न किसी ऋषि परंपरा से जोड़ता है। यही भारत की असली पहचान है।
उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम ने सिखाया कि मां और मातृभूमि से बढ़कर कुछ नहीं होता। “जय श्रीराम” केवल उद्घोष नहीं बल्कि आदर्शों को अपनाने का संदेश है।

रविकिशन बोले- राष्ट्र सर्वोपरि है मोदी और योगी के लिए
कार्यक्रम में सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया के तनाव के बीच ईंधन बचत और विदेशी मुद्रा संरक्षण के लिए मुख्यमंत्री द्वारा अपने काफिले को छोटा करना राष्ट्रहित में लिया गया बड़ा निर्णय है।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी जैसा प्रधानमंत्री और योगी आदित्यनाथ जैसा मुख्यमंत्री मिलना देश और प्रदेश का सौभाग्य है।
“योगी मॉडल से बदला यूपी”: डॉ. धर्मेंद्र सिंह
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष और एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास, सुरक्षा और सुशासन का नया मॉडल स्थापित हुआ है।
उन्होंने कहा कि गोरखपुर और पूरे प्रदेश में हुआ परिवर्तन किसी चमत्कार से कम नहीं है।

कार्यक्रम में रहे ये प्रमुख लोग मौजूद
कार्यक्रम में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, विधायक विपिन सिंह, पार्षद पूनम सिंह, प्रोफेसर राम नरेश धर दुबे, वरिष्ठ चिकित्सक राधा जीना, वरिष्ठ अधिवक्ता वशिष्ठ मिश्रा और समाजसेवी प्रमोद मातनहेलिया समेत बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन मौजूद रहे।
COMMENTS