बदरपुर, नई दिल्ली में आम्रपाली कल्चरल फाउंडेशन द्वारा मेदांता हॉस्पिटल गुड़गांव के सहयोग से स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 310 लोगों की ईसीजी, बीपी, शुगर, आंखों सहित विभिन्न जांच की गई और 40 से अधिक लोगों में पहली बार रोग की पहचान हुई।
बदरपुर क्षेत्र की अग्रणी सामाजिक संस्था आम्रपाली कल्चरल फाउंडेशन द्वारा मेदांता हॉस्पिटल, गुड़गांव के सहयोग से सौरभ विहार में एक व्यापक नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया और कुल 310 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई।
शिविर का संयुक्त रूप से उद्घाटन बदरपुर के एसीपी एवं जैतपुर थाना के थानाध्यक्ष (SHO) श्री सुनील कुमार ने किया। उद्घाटन अवसर पर उन्होंने ऐसे सामाजिक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समय-समय पर स्वास्थ्य जांच से गंभीर बीमारियों का समय रहते पता लगाया जा सकता है, जिससे जनस्वास्थ्य को मजबूती मिलती है।
इस स्वास्थ्य शिविर में नागरिकों के लिए ईसीजी, पीएफटी (फेफड़ों की जांच), बीएमडी (हड्डियों की जांच), ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर तथा आंखों की जांच जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। खास बात यह रही कि शिविर के दौरान 40 से अधिक लोगों में पहली बार उनके रोगों की पहचान हुई, जिससे समय पर उपचार की संभावना बनी।

संस्था के अध्यक्ष श्री अरुण कुमार सिंह ने शिविर में पहुंचे सभी डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ का स्वागत किया। वहीं SHO श्री सुनील कुमार ने डॉक्टरों को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया।
शिविर को सफल बनाने में संस्था के महासचिव श्री प्रीतम सिंह और कोषाध्यक्ष श्री नवल किशोर की भी अहम भूमिका रही। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों और संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर शिविर में लवकुश कुमार, शिवगोविंद, पुरुषोत्तम, के.एन. झा, गंगा सागर, जितेंद्र श्रीवास्तव, मिथिलेश सिंह सहित कई गणमान्य नागरिकों और स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
स्थानीय लोगों ने इस स्वास्थ्य शिविर को अत्यंत लाभकारी बताते हुए आम्रपाली कल्चरल फाउंडेशन और मेदांता हॉस्पिटल के इस जनहितकारी प्रयास की सराहना की।
COMMENTS