गौतमबुद्धनगर के थाना बादलपुर क्षेत्र में गेहूं की रखवाली कर रहे किसान की हत्या का पुलिस ने 13 दिन में खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 150 से अधिक CCTV फुटेज और लोकल इंटेलिजेंस से वारदात की परतें खुलीं।
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने एक बार फिर पेशेवर और त्वरित कार्रवाई का उदाहरण पेश करते हुए थाना बादलपुर क्षेत्र में हुई हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। डीसीपी सेंट्रल नोएडा द्वारा इस सफल अनावरण के लिए पुलिस टीम को ₹25,000 के पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
दिनांक 17 जनवरी 2026 को वादी द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, उनके चाचा कृष्णपाल पुत्र स्व. समर सिंह और गांव के ही सुंदर पुत्र भोरन लाल खेतों में गेहूं की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने सिर पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे कृष्णपाल की मौके पर मौत हो गई और सुंदर गंभीर रूप से घायल हो गया। इस संबंध में थाना बादलपुर पर मु0अ0सं0 016/2026 धारा 103(1)/109(1) बीएनएस पंजीकृत किया गया।

घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने दो स्थानीय टीमों और CRT का गठन किया। 150 से अधिक CCTV कैमरों की जांच और लोकल इंटेलिजेंस के आधार पर 30 जनवरी 2026 को पुलिस ने मनीष, अमित, आकाश और अभिषेक उर्फ सेकु को राजतपुर अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया कि आरोपी शराब के नशे में थे। बुलेट बाइक के तेज साइलेन्सर को लेकर मृतक कृष्णपाल द्वारा टोके जाने पर विवाद बढ़ा। गुस्से में मनीष ने ईंट से वार कर हत्या कर दी, जबकि सुंदर पर भी जानलेवा हमला किया गया। जाते समय आरोपी मोबाइल तोड़कर और मृतक का आधार कार्ड उठाकर फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से टूटा हुआ सैमसंग मोबाइल और मृतक का आधार कार्ड बरामद किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
COMMENTS