एपी मोलर माएर्स्क के प्रबंध निदेशक ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट कर उत्तर प्रदेश में निवेश विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की।
उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार के निरंतर प्रयासों को विदेशी निवेशकों का लगातार समर्थन मिल रहा है। इसी कड़ी में सिंगापुर स्थित वैश्विक लॉजिस्टिक्स कंपनी एपी मोलर माएर्स्क के प्रबंध निदेशक रीन पील पेडरसन ने सोमवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश में निवेश विस्तार और भविष्य की संभावनाओं को लेकर गहन चर्चा हुई। इस अवसर पर विवेक शर्मा, हेड–बिजनेस डेवलपमेंट एवं रेगुलेटरी अफेयर्स (भारत, बांग्लादेश और श्रीलंका क्षेत्र) भी उपस्थित रहे।
बैठक में राज्य की निवेश अनुकूल नीतियों, उद्योगों के लिए सकारात्मक कारोबारी माहौल और बुनियादी ढांचे के विकास पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश के सबसे तेज़ी से विकसित हो रहे राज्यों में शामिल है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने निवेशकों के लिए सुरक्षित, स्थिर और पारदर्शी वातावरण तैयार किया है। सिंगल विंडो सिस्टम, त्वरित स्वीकृतियां, नीति आधारित प्रोत्साहन और मजबूत कानून व्यवस्था के माध्यम से निवेशकों को हर स्तर पर सहयोग दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य का विस्तृत एक्सप्रेसवे नेटवर्क, लॉजिस्टिक्स हब, औद्योगिक कॉरिडोर और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर उत्तर प्रदेश को निवेश के लिए आकर्षक गंतव्य बना रहा है। उन्होंने एपी मोलर माएर्स्क को राज्य में निवेश विस्तार के लिए आमंत्रित करते हुए भूमि, कनेक्टिविटी और नीतिगत सहयोग का आश्वासन दिया।
वहीं विवेक शर्मा ने बताया कि माएर्स्क पिछले 20 वर्षों से अधिक समय से उत्तर प्रदेश में निवेश कर रही है और कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार मुक्त माहौल तथा सरकारी सहयोग को लेकर कंपनी के अनुभव बेहद सकारात्मक रहे हैं। उन्होंने भविष्य में भी राज्य में नए निवेश अवसरों की तलाश में रुचि जताई।
उल्लेखनीय है कि एपी मोलर माएर्स्क शिपिंग, बंदरगाह, जल परिवहन और अंतर्देशीय लॉजिस्टिक्स क्षेत्र की वैश्विक अग्रणी कंपनी है। इसके संभावित निवेश से प्रदेश में लॉजिस्टिक्स इकोसिस्टम को मजबूती, औद्योगिक गतिविधियों में तेजी और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन की उम्मीद है।
COMMENTS