उत्तर-मध्य, दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में मौसम ने ली करवट, जिससे कई राज्यों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। महाराष्ट्र, कर्नाटक, दिल्ली-NCR समेत कई क्षेत्रों में सड़कों पर जलभराव, बिजली गुल और पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। इस बीच मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि इस बार मानसून सामान्य से छह दिन पहले दस्तक दे सकता है।
उत्तर-मध्य और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। महाराष्ट्र और कर्नाटक के कई जिलों में जलभराव, पेड़ों और बिजली के खंभों के गिरने, और घरों में पानी घुसने जैसी घटनाएं सामने आई हैं। वहीं मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पंजाब से लेकर उत्तर प्रदेश तक मौसम के और बिगड़ने के आसार हैं।
बारिश के बीच तबाही का मंजर
महाराष्ट्र के पालघर जिले के नाला सोपारा इलाके में भारी बारिश के चलते एक घर का छज्जा गिर गया, हालांकि समय रहते दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुणे और बंगलूरू जैसे शहरों में भी भारी बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव हो गया और यातायात पूरी तरह ठप पड़ गया है।
दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में तेज आंधी और बारिश ने कहर बरपाया है। कई जगहों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से जानमाल का नुकसान हुआ है। कुछ क्षेत्रों में तो दिन में अंधकार जैसा दृश्य नजर आया।
मानसून समय से पहले देगा दस्तक
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, इस साल मानसून सामान्य समय से करीब छह दिन पहले, यानी 26 मई के आसपास केरल में दस्तक दे सकता है। यह स्थिति 16 साल बाद देखने को मिल रही है। आमतौर पर मानसून 1 जून को केरल पहुंचता है।
आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की चेतावनी
मौसम विभाग ने बताया है कि एक पश्चिम-पूर्व ट्रफ लाइन जो मध्य पाकिस्तान से शुरू होकर राजस्थान, हरियाणा, यूपी, बिहार और पश्चिम बंगाल होते हुए बांग्लादेश तक फैली है, उसके कारण अगले कुछ दिनों तक उत्तर भारत के कई इलाकों में मौसम खराब बना रहेगा।
-
21 से 26 मई के बीच पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान में 30–50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं, बिजली चमकने और बारिश की संभावना है।
-
उत्तराखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।
दक्षिण भारत में भारी वर्षा का अनुमान
-
कर्नाटक के तटीय और घाटी क्षेत्रों में 204.5 मिमी से अधिक वर्षा की संभावना जताई गई है।
-
असम, मेघालय, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और उत्तर कर्नाटक के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ वज्रपात और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
गर्मी से अभी राहत नहीं
दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में जहां मानसून की हलचल दिख रही है, वहीं उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के बड़े हिस्से में लू का प्रकोप जारी है।
-
पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पूर्वी महाराष्ट्र और राजस्थान में अगले 2-3 दिनों तक तापमान सामान्य से ऊपर रहेगा।
-
राजस्थान और ओडिशा के कुछ क्षेत्रों में रात में भी गर्म हवाएं चल रही हैं, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल रही।
आगे बढ़ेगा मानसून
22 मई से मानसून दक्षिण अरब सागर, लक्षद्वीप, केरल, तमिलनाडु, बंगाल की खाड़ी और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में धीरे-धीरे आगे बढ़ने लगेगा।
COMMENTS