असमय बारिश, ओलावृष्टि और आगजनी से प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ ने 24 घंटे में सहायता और पारदर्शी सर्वे के निर्देश दिए।
असमय वर्षा, ओलावृष्टि और कुछ क्षेत्रों में आगजनी की घटनाओं से रबी फसलों को हुए भारी नुकसान के बाद योगी आदित्यनाथ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं।
बुधवार सुबह आयोजित एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ किसानों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण अन्नदाता की चिंता स्वाभाविक है और सरकार उनकी हर संभव मदद के लिए तत्पर है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रभावित किसान और बटाईदार के नुकसान का सटीक, निष्पक्ष और समयबद्ध आकलन किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और सर्वेक्षण कार्य तेजी से पूरा कर रिपोर्ट शासन को भेजी जाए, ताकि मुआवजे में देरी न हो।
उन्होंने यह भी कहा कि जनपद स्तर पर राजस्व, कृषि और अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। सभी विभाग मिलकर प्रभावित क्षेत्रों का शीघ्र सर्वे करें और सुनिश्चित करें कि राहत कार्यों में कोई बाधा न आए।
मुख्यमंत्री ने बीमा कंपनियों के साथ समन्वय बढ़ाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फसल बीमा योजनाओं के तहत किसानों के दावों का जल्द से जल्द निस्तारण किया जाए। इसके साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे खुद किसानों से संपर्क कर उन्हें बीमा योजनाओं का लाभ दिलाएं, ताकि अधिकतम किसानों को राहत मिल सके।

राज्य सरकार ने आपदा राहत के लिए भी त्वरित कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री ने राजस्व विभाग को निर्देश दिया कि राज्य आपदा राहत कोष से प्रत्येक जिले को पर्याप्त धनराशि तुरंत उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि प्रभावित किसानों को पारदर्शी और तेज़ी से सहायता दी जाए।
जहां जरूरत हो, वहां राहत शिविर स्थापित करने और मंडी समितियों के माध्यम से किसानों को हर संभव सहयोग देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अग्निकांड की घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने विशेष संवेदनशीलता दिखाते हुए कहा कि यदि किसी स्थान पर जनहानि या पशुहानि हुई है, तो 24 घंटे के भीतर राहत राशि उपलब्ध कराई जाए।
इसके अलावा, पात्र किसानों को कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत जल्द से जल्द लाभ देने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने उन परिवारों के लिए भी महत्वपूर्ण घोषणा की है, जिनके घर इस आपदा में क्षतिग्रस्त या पूरी तरह नष्ट हो गए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास उपलब्ध कराया जाए।

COMMENTS