कानपुर में एक लग्जरी लम्बोर्गिनी कार ने सड़क पर कहर बरपा दिया। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि कार चला रहा युवक एक बड़े तंबाकू कारोबारी का बेटा बताया जा रहा है।
कानपुर में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। ग्वालटोली थाना क्षेत्र के वीआईपी रोड पर स्थित रेव-3 मॉल के पास एक तेज रफ्तार लम्बोर्गिनी कार ने सड़क पर ‘मौत का तांडव’ मचा दिया। इस हादसे में 6 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा दोपहर करीब 3:15 बजे हुआ, जब लम्बोर्गिनी कार अचानक बेकाबू हो गई। कार ने पहले एक ऑटो-रिक्शा को टक्कर मारी, फिर एक रॉयल एनफील्ड बुलेट सवार को जोरदार टक्कर दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुलेट सवार करीब 10 फीट हवा में उछलकर सड़क पर गिर पड़ा और कार उसके ऊपर चढ़ गई। इसके बाद कार ने सड़क किनारे खड़े पैदल यात्रियों और अन्य वाहनों को भी चपेट में ले लिया।

बताया जा रहा है कि कार चला रहा युवक शिवम मिश्रा, कानपुर के चर्चित तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा का बेटा है। लम्बोर्गिनी कार केके मिश्रा की फर्म बंशीधर एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर रजिस्टर्ड है। केके मिश्रा स्वरूपनगर क्षेत्र में बड़े तंबाकू व्यापारी हैं और उनकी कंपनी कई गुटखा निर्माता कंपनियों को कच्चा माल सप्लाई करती है।
हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने कार को घेर लिया और चालक के खिलाफ जमकर नाराज़गी जताई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शिवम मिश्रा को सुरक्षित बाहर निकाला और कार को जब्त कर लिया। घायलों के परिजनों ने आरोप लगाया कि प्रभावशाली परिवार होने के कारण पुलिस नरमी बरत रही है। कुछ रिपोर्टों में यह भी दावा किया गया कि मौके पर मौजूद बाउंसरों ने लोगों को धमकाया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। चालक के नशे में होने की भी आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
COMMENTS