थाना बिसरख पुलिस ने फॉर्च्यूनर गाड़ी चोरी की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से चोरी की गई गाड़ी और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद हुई।
गौतमबुद्धनगर जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए थाना बिसरख पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने फॉर्च्यूनर गाड़ी चोरी की सनसनीखेज वारदात का मात्र 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 02 फरवरी 2026 की रात्रि को NX One सोसायटी के पास से अज्ञात अभियुक्तों द्वारा फॉर्च्यूनर गाड़ी संख्या UP16AQ6981 चोरी कर ली गई थी। पीड़ित द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना बिसरख में मु0अ0सं0 83/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उच्चाधिकारियों के निर्देशन में स्थानीय पुलिस टीमों का गठन किया गया। दिनांक 03 फरवरी 2026 को लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गोल्डन ग्रान्ड की निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास से दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गौरव शुक्ला उर्फ कृष्णा शुक्ला (22 वर्ष) और चन्दन पाण्डेय उर्फ गोलू (21 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से प्रतापगढ़ जिले के निवासी हैं और वर्तमान में नोएडा के सेक्टर-24 क्षेत्र में रह रहे थे।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की गई फॉर्च्यूनर गाड़ी (UP16AQ6981) तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की स्कूटी (चैसिस नंबर MD626AG51S3AB2527) बरामद की है। पुलिस अब अभियुक्तों से पूछताछ कर अन्य चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।
COMMENTS