गाजियाबाद के भारत सिटी सोसायटी में तीन नाबालिग बहनों ने 9वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मौके से मिला 8 पन्नों का सुसाइड नोट, पुलिस हर पहलू से कर रही जांच।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के थाना टीला मोड़ क्षेत्र स्थित भारत सिटी सोसायटी से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां बी-1 टावर की नौवीं मंजिल से कूदकर तीन सगी बहनों—16 वर्षीय निशिका, 14 वर्षीय प्राची और 12 वर्षीय पाखी—ने सामूहिक आत्महत्या कर ली। यह घटना देर रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार तीनों बहनें फ्लैट नंबर 907 में रहती थीं और घटना से पहले उन्होंने कमरे को अंदर से बंद किया, स्टूल की मदद से बालकनी तक पहुंचीं और नीचे कूद गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को लोनी के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौके से पुलिस को एक पॉकेट डायरी मिली है, जिसमें 8 पन्नों का सुसाइड नोट लिखा हुआ है। नोट में तीनों बहनों ने अपने पिता से माफी मांगते हुए लिखा—“पापा, आई एम सॉरी”। इसमें ऑनलाइन गेमिंग और मोबाइल गतिविधियों का जिक्र है तथा यह भी लिखा गया है कि वे गेम नहीं छोड़ सकती थीं। पुलिस के मुताबिक, गेम में बीच वाली बहन प्राची बॉस की भूमिका में थी और तीनों हर काम साथ करती थीं।

परिजनों का कहना है कि तीनों बहनें करीब दो साल से स्कूल नहीं जा रही थीं और अधिकतर समय मोबाइल गेम खेलने में बिताती थीं। हाल ही में परिवार द्वारा मोबाइल उपयोग पर रोक लगाए जाने के बाद तनाव बढ़ा था। पिता ने बताया कि बच्चियों ने कहा था कि वे कोरियन कल्चर से गहराई से जुड़ी हैं और उसे छोड़ नहीं सकतीं।
SSP शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले में सभी कानूनी पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं DCP ट्रांस हिंडन निमिश पाटिल के अनुसार, फिलहाल किसी विशेष गेम टास्क से जुड़ा साक्ष्य नहीं मिला है, लेकिन सुसाइड नोट में कोरियन कल्चर का उल्लेख है। पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है।
COMMENTS