राहुल गांधी के कथित बयान को सिख समाज का अपमान बताते हुए दिल्ली भाजपा और सिख प्रकोष्ठ ने कांग्रेस मुख्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कई वरिष्ठ नेताओं सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय राज्य मंत्री सरदार रवनीत सिंह बिट्टू को “गद्दार” कहे जाने के आरोप को लेकर दिल्ली भाजपा, विशेषकर सिख प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कांग्रेस मुख्यालय के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इसे सिख कौम का अपमान बताते हुए प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी के खिलाफ तीखे नारे लगाए।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र सचदेवा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता मानसिंह रोड पर एकत्र हुए। प्रदर्शन में राष्ट्रीय प्रवक्ता सरदार आर.पी. सिंह, विधायक सरदार तरविंद्र सिंह मारवाह, प्रदेश मंत्री सरदार इमप्रीत सिंह बख्शी, सिख प्रकोष्ठ संयोजक सरदार चरणजीत सिंह लवली सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे। प्रदर्शनकारी “सिख सरदार हैं, राहुल गांधी तुम गद्दार हो” जैसे नारे लगा रहे थे।

कार्यकर्ता जब अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय की ओर बढ़े तो पुलिस ने तीन बैरिकेड्स लगाकर उन्हें रोका। दो बैरिकेड्स तोड़ने के बाद तीसरे बैरिकेड पर भारी पुलिस बल ने सभी प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर बसों में भरकर संसद मार्ग थाने ले गया, जहां कुछ देर बाद चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि राहुल गांधी का बयान मामूली नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और गांधी परिवार की सोच 1984 में भी सिख विरोधी थी और आज भी वही मानसिकता उजागर हो रही है। उन्होंने कहा कि गुरु श्री गोबिंद सिंह जी की राष्ट्रभक्त और बलिदानी सिख कौम को गद्दार कहना पूरे देश को शर्मसार करने वाला है।

राष्ट्रीय प्रवक्ता सरदार आर.पी. सिंह ने कहा कि एक निर्वाचित सांसद और सिख नेता को गद्दार कहना संसद की गरिमा और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। वहीं विधायक तरविंद्र सिंह मारवाह ने इसे पूरे सिख समाज को गाली देने जैसा बताया। सिख प्रकोष्ठ संयोजक चरणजीत सिंह लवली ने चेतावनी दी कि जब तक राहुल गांधी सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, आंदोलन जारी रहेगा।
COMMENTS