जिलाधिकारी मेधा रूपम के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग ने गौतमबुद्धनगर में बड़ी कार्रवाई की। रसगुल्ला निर्माणशाला, तेल एजेंसी, किराना स्टोर और डेयरी से कुल आठ नमूने लिए गए। 285 किलो रसगुल्ले नष्ट और मिलावटी तेल सीज किया गया।
आगामी दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए जनपद वासियों को शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मेधा रूपम के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीमों ने व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान कई प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि आज खाद्य सुरक्षा अधिकारी सैय्यद इबादुल्लाह एवं अमर बहादुर सरोज की टीम ने घोड़ी बछेड़ा स्थित अनुज कुमार शाक्य की रसगुल्ला निर्माणशाला पर छापा मारा। मौके पर विभिन्न दुकानों के लिए सप्लाई हेतु अस्वच्छ वातावरण में तैयार रसगुल्ले भारी मात्रा में पाए गए। मिठाई के आसपास मक्खियाँ और मच्छर भिनभिना रहे थे।

जांच में एक सफेद रंग का पाउडर भी मिला, जिसे संचालक ने अरारोट पाउडर बताया। टीम ने रसगुल्ले, छेना, दूध और सफेद पाउडर के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे और 285 किलोग्राम रसगुल्ले मौके पर नष्ट करा दिए। साथ ही 35 किलो संदिग्ध पाउडर सीज किया गया।
वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी एस.के. पांडेय, ओ.पी. सिंह एवं विशाल गुप्ता की टीम ने ब्रह्मपुरी दादरी स्थित गर्ग एजेंसी से सरसों का तेल और राइस ब्रान ऑयल के नमूने लिए। 150 किलो सरसों तेल और 200 किलो राइस ब्रान ऑयल को प्रथम दृष्टया मिलावटी पाकर सीज किया गया।

अन्य टीमों ने सूरजपुर ग्रेटर नोएडा के लियाकत किराना स्टोर से बेसन और ऐच्छर स्थित लक्ष्मी डेयरी से पनीर का नमूना लिया। कुल 08 नमूने जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
सहायक आयुक्त ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि दीपावली के दौरान नागरिकों को मानक एवं शुद्ध खाद्य पदार्थ ही प्राप्त हों।
COMMENTS