उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड के बीच मौसम विभाग ने अगले 72 घंटों में 6 राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे ठंड और तेज होने की आशंका है।
उत्तर भारत इस समय भीषण ठंड की चपेट में है। राजधानी दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और बिहार में सर्दी अपने चरम पर पहुंच चुकी है। इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 72 घंटों के दौरान कई राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की है। साथ ही यूपी, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में शीतलहर बने रहने की संभावना जताई गई है।
दिल्ली और आसपास के इलाकों में सुबह और शाम के समय ठंड लोगों को बेहाल कर रही है। 15 जनवरी की सुबह दिल्ली में न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन की सबसे सर्द सुबह रही। इससे पहले 7 जनवरी 2013 को न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। शुक्रवार को भी दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज ऐसा ही बने रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। गुरुवार रात से ठंड में इजाफा हुआ और शुक्रवार सुबह कई इलाकों में घना कोहरा देखने को मिला। मौसम विभाग ने 19 और 20 जनवरी को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है।
लखनऊ में बुधवार रात सीजन की सबसे सर्द रात रही, जहां न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार को दिन में धूप खिलने से अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे दिन-रात के तापमान में 15.2 डिग्री का अंतर देखा गया।
अमौसी स्थित लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार कोहरे की परत हटने और आसमान साफ रहने के कारण दिन में तेजी से गर्मी और रात में तेजी से ठंड बढ़ रही है।
पंजाब और हरियाणा में भी ठंड का प्रकोप जारी है। हिसार में न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6 डिग्री कम है। नारनौल में 1.5 और नूंह में 4.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
IMD के मुताबिक 16 से 20 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश, उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी, 18 से 20 जनवरी के बीच पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में तथा 19–20 जनवरी को पश्चिमी यूपी और पूर्वी राजस्थान में भी बारिश की संभावना है।
COMMENTS