गणतंत्र दिवस के बाद दिल्ली-NCR में मौसम ने अचानक करवट ली है। बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं ने ठंड बढ़ा दी है, जबकि आने वाले दिनों में तापमान और गिरने की चेतावनी दी गई है।
गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) के बाद दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। मंगलवार सुबह से दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम सहित एनसीआर के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। वहीं हरियाणा के नारनौल में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण यह बदलाव देखने को मिला है। इसके असर से तेज हवाओं के साथ दिनभर बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि, विभाग का कहना है कि मौसम में आए इस बदलाव के चलते अगले 24 घंटों में तापमान में फिर गिरावट आ सकती है, जिससे ठिठुरन और बढ़ेगी।

तेज हवाओं और लगातार बारिश के कारण लोगों को ठंड का ज्यादा एहसास हो रहा है। सुबह और शाम के समय ठंड और अधिक बढ़ने की संभावना है। इसके साथ ही, दिल्ली की वायु गुणवत्ता फिलहाल ‘खराब’ श्रेणी में बनी हुई है, हालांकि बारिश के कारण इसमें आंशिक सुधार की उम्मीद की जा रही है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल तेज धूप निकलने की संभावना कम है और आने वाले दिन ठंडे व नम बने रह सकते हैं।
COMMENTS