फरवरी में भी दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चपेट में है। विजिबिलिटी शून्य के करीब, उड़ानें देरी से संचालित, 10 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट जारी।
फरवरी के महीने में भी राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र पर मौसम का कहर जारी है। सोमवार सुबह घने कोहरे ने जनजीवन को पूरी तरह से प्रभावित कर दिया। कई इलाकों में विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर दृश्यता लगभग शून्य बताई जा रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए ठंड, कोहरे और बदलते मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।
घने कोहरे का सीधा असर हवाई और सड़क यातायात पर पड़ा है। दिल्ली एयरपोर्ट ने खराब विजिबिलिटी के चलते उड़ानों में देरी की चेतावनी जारी की है। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, फ्लाइट ऑपरेशन CAT III कंडीशंस में किए जा रहे हैं, जिससे टेक-ऑफ और लैंडिंग में समय लग सकता है। सुबह 6 बजे एक्स (पूर्व ट्विटर) पर जारी बयान में यात्रियों से अपनी एयरलाइंस से संपर्क करने और ताज़ा फ्लाइट जानकारी लेने की अपील की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, आज देश के 10 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में बारिश की संभावना जताई गई है।

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ आंधी-बारिश हो सकती है, जिससे ठंड और बढ़ने के आसार हैं।
विशेषज्ञों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आने वाले दिनों में मौसम और बिगड़ सकता है। प्रशासन ने वाहन चालकों को सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
COMMENTS