देवरिया के महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की पानी की टंकी से मिला शव पूरे जिले में सनसनी का कारण बना हुआ है। मृतक की पहचान महाराष्ट्र निवासी अशोक गावंडे के रूप में हुई है, जो इलाज के दौरान अस्पताल से रहस्यमय तरीके से गायब हो गया था।
देवरिया जिले के महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में उस समय हड़कंप मच गया जब 6 अक्टूबर को अस्पताल की पानी की टंकी से सड़ी-गली लाश बरामद हुई। गुरुवार देर रात शव की पहचान महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कुलगांव निवासी अशोक गावंडे (उम्र लगभग 45 वर्ष) के रूप में हुई। मृतक की पहचान उसकी पत्नी अनीता गावंडे ने की, जिन्होंने बताया कि अशोक पिछले चार वर्षों से परिवार से अलग रह रहा था और मानसिक रूप से परेशान था।

पुलिस जांच में पता चला कि अशोक को 27 सितंबर को 108 एंबुलेंस से अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया था। पैर में गहरे घाव के कारण उसे सर्जिकल वार्ड में भर्ती किया गया था, जहां इलाज के दौरान वह अचानक लापता हो गया। दोपहर 2 बजे तक उसे अस्पताल परिसर में देखा गया था, लेकिन इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला। चौंकाने वाली बात यह है कि उसकी गुमशुदगी की सूचना न तो अस्पताल प्रशासन ने दी और न ही किसी ने रिपोर्ट दर्ज कराई।

6 अक्टूबर को पानी की टंकी से दुर्गंध आने पर सफाईकर्मियों ने ढक्कन खोला तो अंदर शव तैरता मिला। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद डीएनए सैंपल लखनऊ भेज दिए हैं ताकि मौत के सही कारण का पता लगाया जा सके।
देवरिया पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है। शुरुआती जांच में मामला खुदकुशी या हादसे का बताया जा रहा है। वहीं, मेडिकल कॉलेज प्रशासन की लापरवाही पर भी गंभीर सवाल उठे हैं। डीएम और एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है।
COMMENTS