लखनऊ में आयोजित एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने ‘भारत पशुधन ऐप’ के डिजिटल उपयोग पर जोर देते हुए कहा—अब हर पशु और पशुपालक का डेटा होगा रियल टाइम में दर्ज।
उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री श्री धर्मपाल सिंह की अध्यक्षता में आज राज्य ग्राम्य विकास संस्थान, बख्शी का तालाब, लखनऊ में ‘भारत पशुधन ऐप’ विषयक एक दिवसीय व्यवहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उ.प्र. पशुधन विकास परिषद और पशुपालन विभाग द्वारा नेशनल डिजिटल लाइवस्टॉक मिशन (NDLM) के अंतर्गत आयोजित किया गया।

मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि ऐप के माध्यम से पशु एवं पशुपालकों का डिजिटल पंजीकरण, प्रजनन एवं स्वास्थ्य संबंधी अभिलेखन और रियल टाइम डेटा अपडेट किया जा रहा है। इससे पशुओं की जर्म प्लाज्म क्षमता, रोग प्रबंधन और कृत्रिम गर्भाधान जैसी गतिविधियों पर गहन विश्लेषण संभव होगा। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से आग्रह किया कि ऐप पर अंकन कार्य में पूर्ण ध्यान दें ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता आए।

कार्यक्रम में मुख्य सचिव पशुधन श्री मुकेश कुमार मेश्राम, महानिदेशक एल. वेंकटेश्वर लू, तथा विशेष सचिव श्री देवेन्द्र पाण्डेय ने डिजिटल डेटा बेस की महत्ता पर बल दिया। एन.डी.डी.बी. प्रशिक्षक श्री नवीन सिंह और डॉ. जिगर रावल ने ऐप के एडमिन, एनिमल ब्रीडिंग और हेल्थ मॉड्यूल्स की तकनीकी जानकारी दी।
समापन सत्र में डॉ. योगेन्द्र सिंह पवार और डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि प्रदेश के सभी जनपदों से जुड़े नोडल अधिकारी, कंप्यूटर ऑपरेटर और एनजीओ प्रतिनिधि समयबद्ध रूप से डेटा अंकित करें।
COMMENTS