गाजियाबाद की भारत सिटी सोसायटी में तीन नाबालिग बहनों के सामूहिक आत्महत्या मामले में पिता की तीन शादियों, पारिवारिक तनाव, आर्थिक संकट और मोबाइल की लत से जुड़ी परतें खुलती जा रही हैं।
गाजियाबाद के साहिबाबाद स्थित भारत सिटी सोसायटी में तीन नाबालिग सगी बहनों द्वारा नौवीं मंज़िल से कूदकर आत्महत्या करने के मामले ने पूरे एनसीआर को झकझोर दिया है। इस ट्रिपल सुसाइड केस में रोज़ नए और चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं, जिनसे यह मामला और भी जटिल होता जा रहा है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि बच्चियों के पिता चेतन कुमार ने दो नहीं, बल्कि तीन सगी बहनों से शादी की थी। चेतन की पहली शादी दिल्ली के सीलमपुर निवासी सुजाता से हुई थी। संतान न होने पर उन्होंने दूसरी शादी अपनी सगी साली हिना से कर ली। इसके बाद सुजाता को एक बेटी निशिका और बेटा लविश हुआ, जबकि हिना से चेतन की दो बेटियां प्राची और पाखी पैदा हुईं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, चेतन ने करीब पांच साल पहले तीसरी साली टीना से भी शादी की थी, जिससे तीन साल की बेटी देव्यांशी है।

परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। चेतन शेयर ट्रेडिंग का काम करते हैं, लेकिन 2020 के बाद हालात इतने खराब हो गए कि तीनों बच्चियों की पढ़ाई छूट गई। घर पर रहते हुए तीनों बहनें मोबाइल फोन पर ऑनलाइन गेम और कोरियन कल्चर से जुड़ा कंटेंट देखने की आदी हो गई थीं।

करीब 15 दिन पहले पिता ने बेटियों के मोबाइल फोन छीनकर बेच दिए, जिससे वे गहरे तनाव में चली गईं। इसी तनाव में तीनों बहनों ने आठ पन्नों का सुसाइड नोट लिखा और कोरियन कल्चर छुड़वाने की बात को अपनी मौत की वजह बताया। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है, लेकिन इस दर्दनाक घटना ने कई सामाजिक और पारिवारिक सवाल खड़े कर दिए हैं।
COMMENTS