हिंडन नदी के डूब क्षेत्र में अवैध निर्माण पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की सख्त कार्रवाई, एनजीटी के आदेशों के तहत बुल्डोजर चलाकर जमीन कराई मुक्त।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने हिंडन नदी के डूब क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को हैबतपुर गांव में बुल्डोजर कार्रवाई की। इस दौरान करीब 6,000 वर्ग मीटर डूब क्षेत्र की जमीन को अवैध निर्माण से मुक्त कराया गया। यह कार्रवाई ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के परियोजना विभाग एवं भूलेख विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई, जिसमें प्राधिकरण पुलिस का भी सहयोग रहा।
प्राधिकरण के अनुसार, हैबतपुर स्थित खसरा संख्या 280 एवं 287 की यह भूमि हिंडन नदी के डूब क्षेत्र में आती है और प्राधिकरण के अधिसूचित एरिया में शामिल है। इसके बावजूद कुछ कालोनाइजर यहां प्लॉटिंग कर अवैध कॉलोनी बसाने की तैयारी में जुटे थे। कार्रवाई के दौरान करीब दो घंटे तक बुल्डोजर चलाकर अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने बताया कि हिंडन डूब क्षेत्र में अतिक्रमण रोकने के लिए राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के स्पष्ट आदेश हैं, जिनका सख्ती से पालन किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति या बिना नक्शा पास कराए निर्माण करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
एसीईओ ने आम नागरिकों से अपील की कि ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले भूलेख विभाग से पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करें और अवैध कॉलोनियों में अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं।

प्राधिकरण के महाप्रबंधक परियोजना ए.के. सिंह ने बताया कि अवैध निर्माण को पहले कई बार रोका गया था, लेकिन निर्माण जारी रहने के कारण मजबूरन यह कार्रवाई करनी पड़ी। कार्रवाई के दौरान वर्क सर्किल-3 प्रभारी राजेश कुमार निम, प्रबंधक रोहित गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
COMMENTS