नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. लोकेश एम ने ग्राम सतपुरा का स्थलीय निरीक्षण कर सड़क, जलापूर्ति, सफाई, अतिक्रमण, ट्रैफिक और स्वास्थ्य सुविधाओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. लोकेश एम ने ग्राम सतपुरा का व्यापक स्थलीय निरीक्षण कर वर्षों से चली आ रही नागरिक समस्याओं पर सख्त रुख अपनाया। निरीक्षण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करते हुए मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करना रहा। इस दौरान प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रभारी और बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।
निरीक्षण के समय अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (प्रोजेक्ट), महाप्रबंधक (जल), महाप्रबंधक (सिविल), विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। ग्रामवासियों ने सड़क, जलापूर्ति, सफाई, जलभराव, स्ट्रीट लाइट और अतिक्रमण की समस्याएं सीईओ के समक्ष रखीं, जिन पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए।

सीईओ ने एनटीपीसी से ग्रेटर नोएडा जाने वाले मार्ग पर सेक्टर-41 और 42 के पास तेज रफ्तार वाहनों से हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए स्पीड ब्रेकर लगाने के आदेश दिए। साथ ही सेक्टर-42 की खाली भूमि पर अवैध रूप से बनी झुग्गियों पर नोटिस जारी कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

ट्रैफिक जाम की समस्या को देखते हुए सेक्टर-42 से 43 की ओर लगभग 100 मीटर तक सड़क चौड़ीकरण के कार्य को शीघ्र पूरा करने का निर्णय लिया गया। सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए नालों की सफाई के बाद कंक्रीटीकरण और जलभराव की स्थायी व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
पानी की क्षतिग्रस्त पाइपलाइन, सीवर लाइन के लंबित कार्य और एफसीटीएस स्टोर के पास जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के आदेश दिए गए। इसके अलावा ग्राम में इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन (IPS) का निर्माण जनवरी के अंत तक पूरा करने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करते हुए अस्थायी स्वास्थ्य कैंप लगाने और भविष्य में स्थायी हेल्थ सेंटर के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, रेहड़ी-पटरी हटाने, स्ट्रीट लाइट लगाने, शिव मंदिर के पास ओपन जिम, खेल मैदान विकास और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के आदेश भी जारी किए गए।
निरीक्षण के अंत में सीईओ ने स्पष्ट किया कि सिविल और विद्युत विभाग फरवरी के अंत तक कार्य पूर्ण करें, जबकि स्वास्थ्य विभाग तीन दिनों में कार्ययोजना प्रस्तुत करे। उन्होंने कहा कि सतपुरा के समग्र विकास में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
COMMENTS