ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का तीन दिवसीय रोड सेफ्टी अभियान भले समाप्त हुआ हो, लेकिन ब्लैक स्पॉट सुधार और सुरक्षा कार्य लगातार जारी रहेंगे।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा शहर की सड़कों को अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से चलाया गया तीन दिवसीय रोड सेफ्टी अभियान बुधवार को औपचारिक रूप से समाप्त हो गया। हालांकि, प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अभियान की अवधि पूरी होने के बावजूद सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

यह अभियान ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर चलाया गया, जिसका नेतृत्व महाप्रबंधक एके सिंह ने किया। परियोजना विभाग के अंतर्गत सभी आठ वर्क सर्किल की टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय रहीं और शहर के विभिन्न हिस्सों में भ्रमण कर सड़क दुर्घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील स्थानों की पहचान की गई।

तीसरे और अंतिम दिन भी टीमों ने 16 दुर्घटना संभावित और ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां जरूरत के अनुसार रोड पैच वर्क, लेन मार्किंग, रंबल स्ट्रिप, रिफ्लेक्टर, कैट्स आई और स्ट्रीट लाइटिंग जैसे सुरक्षा उपाय किए। खासतौर पर ब्लैक स्पॉट पर अतिरिक्त लाइटिंग की व्यवस्था की गई, ताकि रात के समय दुर्घटनाओं की आशंका कम हो सके।

महाप्रबंधक एके सिंह ने स्वयं 130 मीटर रोड का निरीक्षण कर मौके पर सुरक्षा इंतजामों को और मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि नेफोवा (NEFOWA) की ओर से भी ग्रेटर नोएडा वेस्ट क्षेत्र में कुछ रोड सेफ्टी स्पॉट चिन्हित किए गए हैं, जहां प्राधिकरण जल्द सुरक्षा कार्य करेगा।
एके सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्राधिकरण की प्राथमिकता है और नागरिकों की सहभागिता भी इसमें अहम भूमिका निभा सकती है। उन्होंने ग्रेटर नोएडावासियों से अपील की कि यदि किसी क्षेत्र में दुर्घटना संभावित स्थान दिखाई दे तो तुरंत संबंधित वर्क सर्किल प्रभारी को सूचना दें। इसके लिए एरिया वाइज अधिकारियों के मोबाइल नंबर भी जारी किए गए हैं।
वर्क सर्किल प्रभारी संपर्क नंबर
वर्क सर्किल-1: प्रभात शंकर – 9560608490
वर्क सर्किल-2: नरोत्तम सिंह – 9205691111
वर्क सर्किल-3: राजेश कुमार निम – 8130770146
वर्क सर्किल-4: राजेश कुमार निम – 8130770146
वर्क सर्किल-5: रतिक – 9205691275
वर्क सर्किल-6: सन्नी यादव – 8810703078
वर्क सर्किल-7: नरोत्तम सिंह – 9205691111
वर्क सर्किल-8: नागेंद्र सिंह – 9415726716
COMMENTS