गौतम बुद्ध नगर के YEIDA क्षेत्र में विकसित हो रहे मेडिकल डिवाइस पार्क का विप्रो-जीई हेल्थकेयर प्रतिनिधिमंडल ने दौरा किया, विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर और लॉजिस्टिक कनेक्टिविटी ने किया प्रभावित।
उत्तर प्रदेश को मेडिकल डिवाइस विनिर्माण और निर्यात का वैश्विक केंद्र बनाने की दिशा में एक अहम कदम के रूप में, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र के सेक्टर-28 स्थित मेडिकल डिवाइस पार्क (MDP) का 21 जनवरी 2027 को विप्रो-जीई हेल्थकेयर के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने दौरा किया। यह दौरा YEIDA के साथ चल रहे सक्रिय संवाद के बाद, श्री राकेश कुमार सिंह (आईएएस), मुख्य कार्यपालक अधिकारी, YEIDA के आमंत्रण पर आयोजित किया गया।

YEIDA द्वारा 350 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जा रहा यह अत्याधुनिक मेडिकल डिवाइस पार्क घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने और चिकित्सा उपकरणों के निर्यात को सशक्त करने के उद्देश्य से तैयार किया जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने पार्क के साथ-साथ यहां स्थापित की जा रही कॉमन साइंटिफिक फैसिलिटीज का विस्तृत स्थल निरीक्षण किया और मेडिकल डिवाइस विनिर्माण के लिए विकसित किए जा रहे एकीकृत इकोसिस्टम की सराहना की।
दौरे के दौरान प्राधिकरण ने पार्क की रणनीतिक अवस्थिति को रेखांकित किया, जिसमें नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की निकटता, प्रस्तावित RRTS, हवाई अड्डे के पास समर्पित रेल कनेक्टिविटी और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFC) से सीधी कनेक्टिविटी शामिल है, जो लॉजिस्टिक्स और निर्यात के लिहाज से इसे अत्यंत लाभकारी बनाती है।

मेडिकल डिवाइस पार्क के संपूर्ण इकोसिस्टम की जानकारी श्री शैलेन्द्र कुमार भाटिया (आईएएस), अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACE-O), YEIDA द्वारा दी गई। उन्होंने बताया कि पार्क को डेटा सेंटर पार्क, अपैरल पार्क, सेमीकंडक्टर पार्क और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (EMC) जैसे सहायक औद्योगिक क्लस्टरों से जोड़ा गया है। साथ ही, पार्क के भीतर निर्यात सुविधा और लाइसेंसिंग सपोर्ट भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

प्राधिकरण ने जानकारी दी कि मेडिकल डिवाइस पार्क का लगभग 80% कार्य पूर्ण हो चुका है और इसे वर्ष 2026 के अंत तक पूरी तरह विकसित करने का लक्ष्य है। अब तक पार्क को ₹1,200 करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं और भूमि आवंटन योजनाओं को उद्योग जगत से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है।
अपने विस्तार की रणनीति के तहत, एम/एस विप्रो-जीई हेल्थकेयर ने मेडिकल डिवाइस पार्क में लगभग 10 एकड़ भूमि के आवंटन में रुचि व्यक्त की है, जिस पर YEIDA की निर्धारित नीतियों और प्रक्रियाओं के अनुसार विचार किया जाएगा। YEIDA ने मेडिकल डिवाइस पार्क को विश्वस्तरीय विनिर्माण और निर्यात केंद्र के रूप में विकसित करने के अपने संकल्प को दोहराया है।
COMMENTS