यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने 02 फरवरी 2026 को दयानतपुर और सावलती मुस्तफाबाद में अवैध कॉलोनियों व निर्माण को ध्वस्त कर बड़ी कार्रवाई की।
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने अवैध प्लॉटिंग और निर्माण के खिलाफ एक बड़ी और सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री राकेश कुमार सिंह के निर्देश क्रम में दिनांक 02 फरवरी 2026 को प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई।

इस अभियान के तहत ग्राम दयानतपुर में खसरा संख्या 463, क्षेत्रफल 4.6660 हेक्टेयर पर “एप्रो ग्रीन सिटी” के नाम से विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी तथा गाटा संख्या 447, क्षेत्रफल 3.0090 हेक्टेयर में हो रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया। कुल 7.6750 हेक्टेयर अर्थात लगभग 76,750 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैली इस अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई की गई। इसके साथ ही एयरपोर्ट को जाने वाली 60 मीटर चौड़ी सड़क पर किए जा रहे अवैध निर्माण को भी गिरा दिया गया।

इसी क्रम में ग्राम सावलती मुस्तफाबाद में लगभग 24,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में हो रहे अवैध निर्माण पर भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। प्राधिकरण ने बताया कि अधिसूचित क्षेत्र में कुल लगभग 10,07,50,000 वर्ग मीटर भूमि, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 400 करोड़ रुपये है, पर से अवैध निर्माण हटवाया गया।

मौके पर अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री शैलेंद्र सिंह, विशेष कार्याधिकारी श्री राजेश कुमार, श्री प्रभात, श्री शिवशंकर सिंह, तहसीलदार श्री मनोज कुमार सिंह, थाना प्रभारी जेवर श्री संजय सिंह सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि प्राधिकरण की भूमि अथवा अधिसूचित क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग, कॉलोनी काटने और निर्माण करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त किया जाएगा।
COMMENTS