ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण, संविधान शपथ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ देशभक्ति का संदेश दिया गया।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण परिसर में 77वें गणतंत्र दिवस का आयोजन देशभक्ति और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) सुनील कुमार सिंह ने ध्वजारोहण किया और उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का निर्वहन ही देश की सच्ची सेवा है। कार्यक्रम के दौरान सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारत की एकता और अखंडता के लिए संविधान की शपथ ली।

गणतंत्र दिवस समारोह की शुरुआत ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद केंद्रीय विद्यालय ग्रेटर नोएडा की छात्राओं ने श्री गणेश वंदना से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया। छात्राओं ने ‘सौभाग्य है कि इस पुण्य पावन धरा पर हमने जन्म लिया’, ‘सुजलाम सुफलाम’ और ‘मां तेरी चुनरिया लहराई’ जैसे देशभक्ति गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। वहीं, सावित्रीबाई फूले बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने ‘हिंद देश के निवासी सभी जन एक हैं’ और ‘भारत हमको जान से प्यारा है’ जैसे गीतों के माध्यम से देशभक्ति का संदेश दिया। छात्राओं ने गीत और नृत्य के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों की कला और सांस्कृतिक विरासत को भी प्रस्तुत किया। सावित्रीबाई फूले कॉलेज की छात्रा अन्वेशा ने कविता के माध्यम से आज़ादी के वास्तविक अर्थों से सभी को परिचित कराया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने छात्रों को राष्ट्रध्वज तिरंगे की महत्ता की विस्तृत जानकारी दी और अभिभावकों से बच्चों में देश और समाज के प्रति कर्तव्यों का बोध कराने की अपील की। एसीईओ प्रेरणा सिंह ने प्राधिकरण कर्मियों को ग्रेटर नोएडा को स्वच्छ, सुनियोजित, सुदृढ़ और अनूठा शहर बनाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने सीईओ एनजी रवि कुमार के मार्गदर्शन में चल रही विकास परियोजनाओं की जानकारी देते हुए प्राधिकरण को कर्ज से उबारने का श्रेय भी उन्हें दिया।
कार्यक्रम को ओएसडी अभिषेक पाठक, गिरीश कुमार झा, मुकेश कुमार सिंह और पीजीएम संदीप चंद्रा ने भी संबोधित किया। मंच संचालन ओएसडी अर्चना द्विवेदी ने किया। इस अवसर पर ग्रेटर नोएडा एम्प्लाइज एसोसिएशन के अध्यक्ष सोनू भड़ाना सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
COMMENTS