नोएडा के सेक्टर-62 मंडल टाउन गोलचक्कर पर 26.34 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक स्काईवॉक का निर्माण किया जाएगा, जिससे पैदल यात्रियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा।
नोएडा में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। दिनांक 04 फरवरी 2026 को सेक्टर-62 मंडल टाउन गोलचक्कर पर प्रस्तावित स्काईवॉक निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर सांसद डॉ. महेश शर्मा, विधायक श्री पंकज सिंह, नोएडा की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीमती वंदना त्रिपाठी, महाप्रबंधक (नोएडा ट्रैफिक सेल) श्री सतीश पाल, एसपी ट्रैफिक श्री एसपी सिंह तथा एसपी सिटी श्री एसपी अरोड़ा उपस्थित रहे।

इस स्काईवॉक परियोजना की कुल लागत 26.34 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। परियोजना के पूर्ण होने के बाद नोएडा, गाजियाबाद, वैशाली, इंदिरापुरम और दिल्ली की ओर से आने वाले पैदल यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे सड़क पार करने के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं में भी उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है।
परियोजना के तहत प्रस्तावित स्काईवॉक में चार स्थानों पर एंट्री और एग्जिट पॉइंट बनाए जाएंगे। इनमें सेक्टर-62 की ओर, सेक्टर-63 की ओर तथा एनएच-09 से दो स्थानों पर प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था की गई है।

स्काईवॉक का निर्माण एमएसओ स्ट्रक्चर तकनीक से किया जाएगा। इसकी कुल लंबाई 530 मीटर होगी, जिसमें 350 मीटर गोलाकार भाग और 180 मीटर सीधा भाग शामिल है। इसके अलावा, यात्रियों की सुविधा के लिए दो आधुनिक लिफ्ट और दो एस्केलेटर भी लगाए जाएंगे। परियोजना को 18 माह में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
यह परियोजना नोएडा की स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर विकास योजना में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है।
COMMENTS